फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अप्रैल 2026 महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध और अन्य अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की घटना या संदेह होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर स्थानीय महिलाएं, बालिकाएं एवं पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित और सशक्त बनाना रहा।
