फर्रुखाबाद:बौद्ध रीति से सम्पन्न हुआ दाम्पत्य संस्कार, प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अप्रैल 2026 समाज में वैचारिक और सांस्कृतिक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत मंगलवार को बौद्ध रीति से एक वैवाहिक कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर शिवानी पुत्री श्री नीलेन्द्र सिंह शाक्य निवासी ग्राम नगला निजाम, पोस्ट उखरा, जिला फर्रुखाबाद तथा विकास शाक्य पुत्र श्री कुंअर सिंह शाक्य निवासी ग्राम बड़ेपुर, पोस्ट निगोहखास, जिला कन्नौज का दाम्पत्य सूत्र बन्धन संस्कार संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम का संचालन बौद्ध परंपराओं के अनुरूप सादगीपूर्ण वातावरण में किया गया, जिसमें बिना किसी आडंबर के सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया गया। विवाह संस्कार सम्पन्न होने के उपरांत धर्मपाल सिंह बौद्ध द्वारा नवदंपति को वैवाहिक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की गई।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बुद्ध रीति से सम्पन्न विवाह को समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं परिजन भी उपस्थित रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।

यह आयोजन न केवल एक वैवाहिक समारोह था, बल्कि सामाजिक जागरूकता और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का भी माध्यम बना।