फर्रुखाबाद: तीन साल बेमिसाल: सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव का कार्यकाल पूरा, 2027 की तैयारियों का ऐलान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अप्रैल 2026 आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में मंगलवार को जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के अध्यक्षीय कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव एवं जिला महासचिव इलियास मंसूरी का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

कार्यक्रम में शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष अरविंद यादव ने दोनों नेताओं को पगड़ी पहनाकर तलवार भेंट की और सफल तीन वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने किया।

जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि तीन वर्षों के इस कार्यकाल में पार्टी संगठन को मजबूती मिली है और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा, “तीन साल बेमिसाल रहे, अब आगे 2027 के लिए कमर कसनी है। सभी को एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करना है और साइकिल निशान पर वोट मांगना है।” उन्होंने यह भी कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि 2027 में पीडीए आंदोलन के जरिए प्रदेश में सरकार बनाई जा सके।

पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने कहा कि 2012 की तरह ही आगामी 2027 चुनाव में भी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की जाएगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर ने कहा कि जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी संगठन बूथ स्तर तक मजबूत हुआ है और जिला महासचिव इलियास मंसूरी के कुशल प्रबंधन से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिली है।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, शिवशंकर शर्मा, बीके गंगवार, विनीत परमार, यूथ ब्रिगेड महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल, अफजाल अहमद फारुकी, मुजाहिद अंसारी, कमल हसन, जुल्फिकार अब्बास जैदी, अशोक अंबेडकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।