फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मार्च 2026 को आवास विकास कॉलोनी स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में आगामी 6 अप्रैल को होने वाले भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी नवनियुक्त पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस सेवा भाव के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित हुई भारतीय जनता पार्टी ने विषम परिस्थितियों में भी जनसेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ अपनी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाया है। इस अवसर को पूरे जिले में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 5, 6 और 7 अप्रैल को जिला कार्यालय को फूलों, लाइटिंग और रंगोली से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को पार्टी मुख्यालय पर ध्वजारोहण एवं मिष्ठान वितरण किया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता एवं विचार परिवार के सदस्य शामिल होंगे। साथ ही पार्टी की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उद्बोधन कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे और प्रत्येक बूथ पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 6 एवं 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ स्थापना दिवस मनाया जाएगा और भाजपा की विचारधारा पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय सम्मेलन आयोजित होंगे। वहीं 7 से 12 अप्रैल के बीच कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा तथा लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों का प्रचार सोशल मीडिया और आईटी सेल के माध्यम से किया जाएगा।
बैठक में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि स्थापना दिवस कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है। वहीं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और स्थापना दिवस प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। बैठक में जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे, अभिषेक बाथम, जितेंद्र सिंह, सर्वेश कुशवाहा, संदेश राजपूत, अशनील दिवाकर, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मंत्री अनुराग सिंह, पंकज पाल, मनोज गंगवार, शिव मोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, श्वेता दुबे, प्रतिभा राजपूत सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
