फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 फरवरी 2026 जनपद में सड़क सुरक्षा एवं राजस्व वसूली को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान दो ट्रक ओवरलोड पाए गए। इनमें से एक ट्रक पर परिवहन विभाग का ₹15,000 टैक्स भी बकाया था। दोनों ट्रकों को तत्काल सीज करते हुए कुल ₹73,000 का जुर्माना लगाया गया।
इसके अतिरिक्त तीन ट्रकों पर अनिवार्य रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप नहीं पाया गया। नियमों की अनदेखी को गंभीर मानते हुए इन वाहनों को भी सीज कर दिया गया तथा ₹31,000 का जुर्माना लगाया गया।
प्रशासन का कहना है कि वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप न होना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बनता है, क्योंकि इससे पीछे चल रहे वाहन चालकों को आगे चल रहे वाहन को देखने में कठिनाई होती है, विशेषकर रात्रि के समय।
आज की कार्रवाई में परिवहन विभाग द्वारा कुल ₹1,04,000 का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
