विराट कोहली और रोहित शर्मा को 2027 ODI वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम में बने रहना चाहिए या नहीं? इस विषय पर कई सारे सवाल उठ रहे हैं. टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने कोहली और रोहित की टीम में जगह पर सवाल खड़े करने वाले लोगों पर सीधा तंज कस दिया है. शास्त्री का कहना है कि विराट और रोहित जैसे कद के खिलाड़ियों के साथ पंगे लेना सही नहीं है.
प्रभात खबर के अनुसार रवि शास्त्री ने कहा, रवि शास्त्री से जब पूछा गया कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य पर उठ रहे सवालों की वजह कौन है. इस पर उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, “कुछ लोग ऐसा कर रहे हैं. मैं इतना ही कहना चाहता हूं. अगर ये दोनों टिके रहे, सब चीजें सही तरीके से करते रहे, तो फिर जो भी उनसे पंगे ले रहा है, वो बहुत जल्द यहां से गायब हो जाएंगे.”
उन्होंने आगे कहा, “ऐसे प्लेयर्स के साथ मस्ती मत करो यार. करने वाले कर रहे हैं. अगर उनका दिमाग ठीक हो गया ना, और सही बटन दबा दिया, तो सब आजू बाजू निकल जाएंगे.”
इसी बीच खबरें सामने आई हैं कि मैनेजमेंट चाहता है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय घरेलू क्रिकेट में भी खेलें. मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार विराट और रोहित ने विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए हामी भर दी है.
