फर्रुखाबाद में ‘साप्ताहिक मध्यस्थता अभियान 2.0’ का शुभारंभ, आपसी समझौते से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद द्वारा माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में ‘साप्ताहिक मध्यस्थता अभियान 2.0’ के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य लंबित एवं प्री-लिटिगेशन (मुकदमे से पूर्व) के मामलों का मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण करना है।

बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नीरज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री संजय कुमार ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रभारी सचिव श्री जयवीर सिंह ने किया।

बैठक के दौरान नोडल अधिकारी श्री संजय कुमार ने उपस्थित मध्यस्थों को अभियान की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता विवादों के समाधान का प्रभावी, सरल और कम खर्चीला माध्यम है, जिससे पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनपद के विभिन्न न्यायालयों से सुलह योग्य मामलों को अधिकाधिक संख्या में मध्यस्थता केंद्र भेजने का अनुरोध किया जाएगा। इसके लिए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिले के वरिष्ठ मध्यस्थों ने भी भाग लिया। इनमें जवाहर सिंह गंगवार, सगीर अहमद खाँ, जगदीश चन्द्र सगर, प्रभाशंकर औदीच्य, उमा मिश्रा, राजरानी श्रीवास्तव, गजाला तबस्सुम, सतीश कुमार, नन्दकिशोर दीक्षित, विनीत कुमार कटियार, आलोक कुमार त्रिपाठी, आनन्द यादव, खुशनवाज खान, धर्मेंद्र सिंह एवं योगेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य मध्यस्थ उपस्थित रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस अभियान की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रेस विज्ञप्ति सूचना विभाग को भी प्रेषित की है, ताकि अधिक से अधिक लोग मध्यस्थता की सुविधा का लाभ उठाकर अपने विवादों का शांतिपूर्ण एवं शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकें।

Leave a Comment