अजित पवार समेत इन लोगों की गई जान, समझें खबर से

महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह हुए भीषण विमान हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। विमानन महानिदेशालय (DGCA) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस हादसे की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि लियरजेट 45 श्रेणी का चार्टर्ड विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।

न्यूज एजेंसी ANI और PTI के मुताबिक, यह विमान मुंबई से बारामती जा रहा था और सुबह करीब 8:45 से 8:50 बजे के बीच बारामती एयरपोर्ट पर उतरते समय हादसे का शिकार हुआ। हादसे के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

DGCA अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय विमान में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके एक पीएसओ, एक फ्लाइट अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर शामिल थे। क्रू में पायलट-इन-कमांड और फर्स्ट ऑफिसर मौजूद थे। अधिकारी ने कहा, “प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बच पाया है।”

DGCA की एक टीम तुरंत दुर्घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है और हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ब्लैक बॉक्स और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, मौसम, रनवे से जुड़ी समस्या या मानवीय चूक के कारण हुई।

मृतकों की पहचान

प्रशासन और विमान ऑपरेटर की ओर से मृतकों की पहचान भी कर ली गई है। हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, वे हैं:
1. अजित पवार – उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र
2. विदीप जाधव – पीएसओ
3. कैप्टन सुमित कपूर – पायलट
4. कैप्टन संभवी पाठक – फर्स्ट ऑफिसर
5. पिंकी माली – फ्लाइट अटेंडेंट

विमान एक निजी कंपनी वीएसआर (VSR) द्वारा संचालित किया जा रहा था और यह एक चार्टर्ड फ्लाइट थी।

उड़ान और हादसे का टाइमलाइन

जानकारी के मुताबिक, विमान ने सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी। उसे सुबह 8:50 बजे बारामती हवाई अड्डे पर उतरना था। लेकिन लैंडिंग के दौरान विमान रनवे के पास नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह जल गया।