एशिया कप की आज से शुरुआत हो रही है और इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए मैदान पर आक्रमकता होना जरूरी है। हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा के विचार इसे लेकर उलट है और उनका कहना है कि उनकी ओर से टीम के सदस्यों को ऐसा कोई संदेश नहीं जाएगा। सूर्यकुमार से पूछा गया था कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में क्या खिलाड़ी आक्रामकता कम करेंगे। इस पर सूर्यकुमार ने कहा, ‘मैदान पर आक्रामकता हमेशा रहती है। अगर आपको जीतना है तो इसके बिना काम नहीं चल सकता। मैं आक्रामकता के साथ मैदान पर उतरने को लेकर उत्साहित हूं।’ इसी सवाल पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, अगर कोई आक्रामक होना चाहता है तो यह उसका फैसला है। जहां तक मेरी टीम का सवाल है तो मैं कोई दिशा निर्देश किसी को नहीं देता।
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मुकाबला ऐसे समय हो रहा है जब दोनों टीमों के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण चल रहे हैं। इस साल अप्रैल में पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था जिसमें 26 पर्यटक मारे गए थे, जिसके बाद भारत ने इसका बदला लेने के लिए ऑपरेशन सिंदूर नाम से सैन्य अभियान चलाया था। एशिया कप की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुार और सलमान एक दूसरे के बगल में नहीं बैठे।
