सीतापुर जनपद में सम्यक पार्टी की बैठक हुई आयोजित

नए वर्ष पर जनपद के न्याय पंचायत दुगाना क्षेत्र में नए विचारों का आरम्भ हुआ। गुरुवार को क्षेत्र के कोलुहा पुरवा गांव में पहली बार सम्यक पार्टी की बैठक हुई, जिसमें बाहर से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया। हालांकि, क्षेत्र में पार्टी के पदाधिकारी पहले से कार्य कर रहे थे। बैठक में लखनऊ से आए पार्टी के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष तपेन्द्र प्रसाद शाक्य, बिसवां से आए बिसवां विधानसभा अध्यक्ष अभय मौर्य और सेवता से आए सेवता विधानसभा अध्यक्ष अनुज कुमार निषाद शामिल हुए। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन प्रोफेसर राम सिंह क्षेत्र के ही बख्तावर पुरवा गांव के रहने वाले हैं, जिन्होंने बैठक का आयोजन किया था। इसके अलावा, बैठक में क्षेत्र के ही रहने वाले पार्टी के युवा सभा के जिलाध्यक्ष लवकुश मौर्य, जिला महासचिव राम निवास मौर्य, जिला सचिव अनिल कुमार मौर्य, लहरपुर विधानसभा अध्यक्ष संतोष कुमार, विधानसभा सचिव प्रेम चंद्र, दुगाना सेक्टर अध्यक्ष राजेश, खजुरा ग्राम अध्यक्ष अरविन्द कुमार सहित अनेक क्षेत्रवासियों ने बैठक में भाग लिया और सम्यक पार्टी के विचारों को सुना।

बैठक को मुख्य रूप से प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष तपेन्द्र प्रसाद शाक्य और राष्ट्रीय महासचिव संगठन प्रोफेसर राम सिंह ने सम्बोधित किया। तपेन्द्र प्रसाद शाक्य ने कहा कि सम्यक पार्टी देश की पहली पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी है। इसका संगठन और विचारधारा दोनों लोकतांत्रिक है। पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी खड़ी किए बिना आम जनता और राष्ट्र का विकास असम्भव है। प्रोफेसर राम सिंह ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस सामंतवादी, पूंजीवादी और वर्णवादी पार्टियां हैं। यह दोनों आम जनता की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अलावा समता, समानता और भ्रातृत्व को खत्म कर रही हैं। कांग्रेस सहित सभी विपक्षी पार्टियों में व्यक्तिवाद, परिवारवाद और जातिवाद हावी होने के कारण धीरे-धीरे खत्म हो रही हैं। युवा सभा के जिलाध्यक्ष लवकुश मौर्य ने कहा कि सम्यक पार्टी से युवा लगातार जुड़ रहे हैं। जिला महासचिव राम निवास मौर्य ने संकल्प लिया कि वह पार्टी के संगठन को मजबूत करने में सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। सेवता विधानसभा अध्यक्ष अनुज कुमार निषाद ने कहा कि सम्यक पार्टी सभी जातियों की पार्टी है। यह सभी को साथ लेकर चलेगी। इसलिए इसमें सभी को जुड़ना चाहिए। बिसवां विधानसभा अध्यक्ष अभय मौर्य ने कहा कि सम्यक पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। लहरपुर विधानसभा अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि सम्यक पार्टी की विचारधारा सबसे अच्छी है। इसीलिए वह इससे जुड़े हैं। लहरपुर विधानसभा सचिव प्रेम चंद्र ने कहा कि जल्द ही पार्टी की और बैठकें करवाएंगे। बैठक में नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।