‘सैयारा’, पहले हफ्ते में ‘छावा’ के बाद ये रिकॉर्ड बनाने वाली बनी दूसरी फिल्म

मोहित सूरी निर्देशित फिल्म ‘सैयारा’ का बॉक्स ऑफिस पर जलजला आया हुआ है और ये फिल्म हर दिन बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ परफॉर्म कर रही है. ये रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा अब तक साल 2025 की ‘सिकंदर’, ‘केसरी चैप्टर 2’ और ‘स्काई फ़ोर्स’ जैसी कई बड़ी फिल्मों को मात दे चुकी है. चलिए यहां जानते हैं ‘सैयारा’ ने रिलीज के सातवें दिन यानी गुरुवार को कितना कलेक्शन किया है?

‘सैयारा’ ने रिलीज के 7वें दिन कितना कलेक्शन किया है?
‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर गजब ढा रही है. कई सालों बाद थिएटर्स पर ऐसी कोई फिल्म आई है जिसे देखने के लिए सिनेमाघरों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं. टिकट काउंटर पर धड़ाधड़ टिकट बिक रहे हैं और फिल्म मेकर्स नोट गिनते गिनते थक रहे है लेकिन ‘सैयारा’ की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है. यहां तक कि वीकडेज में भी इस पर नोटों की बारिश हो रही है. अब ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपना बेहद सफल एक हफ्ता पूरा कर लिया है. हालांकि 7वें दिन फिल्म ने अब तक का सबसे कम कलेक्शन किया है. इन सबके बीच फिल्म की कमाई की बात करें तो

-‘सैयारा’ ने रिलीज के पहले दिन 21.5 करोड़, दूसरे दिन 26 करोड़ और तीसरे दिन 35.75 करोड़ का कलेक्शन किया था.
-चौथे दिन ‘सैयारा’ ने 24 करोड़ कमाए तो पांचवे दिन फिल्म ने 25 करोड़ का कारोबार किया.
-छठे दिन ‘सैयारा’ ने 21.5 करोड़ की कमाई की थी.
-वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘सैयारा’ ने रिलीज के 7वें दिन 18.75 करोड़ का कारोबार किया है.
-इसी के साथ ‘सैयारा’ की 7 दिनों की कुल कमाई अब 172.50 करोड़ रुपये हो गई है.