सचिन और विराट ने दी साइना नेहवाल को उनके अभूतपूर्व करियर के लिए बधाई

भारतीय बैडमिंटन को उस वक्त तगड़ा झटका लगा जब ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने साफ किया कि वह कोर्ट पर वापसी नहीं करेंगीं। 2023 सिंगापुर ओपन के बाद उन्होंने कोई टूर्नामेंट नहीं खेला और अब एक पॉडकास्ट के दौरान अपने संन्यास को लेकर स्पष्ट बात की। इसी के बाद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर और पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने साइना नेहवाल के लिए दिल छू लेने वाला संदेश लिखा और भारतीय बैडमिंटन में उनके अभूतपूर्व योगदान को सराहा।

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक्स पर लिखा, ‘साइना नेहवाल को एक शानदार करियर के लिए बधाई। उन्होंने भारतीय बैडमिंटन को दुनिया के मंच पर पहुंचाया। आपको एक खुशहाल, संतोषजनक और अच्छी तरह से हकदार रिटायरमेंट की शुभकामनाएं। भारत को आप पर गर्व है।’

इससे पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी साइना के नाम एक लंबा संदेश लिखा। उन्होंने साइना की मेहनत, धैर्य और निरंतरता की तारीफ करते हुए कहा, ‘प्रिय साइना, आपका करियर इस बात का सबूत है कि महानता एक दिन में नहीं बनती, बल्कि धैर्य, हिम्मत और निरंतरता से हासिल होती है। आपने भारतीय बैडमिंटन को विश्व मंच पर पहुंचाया और दिखाया कि तैयारी और विश्वास मिलकर किसी खेल की दिशा बदल सकते हैं।’

तेंदुलकर ने आगे लिखा, ‘पदकों से परे आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि आपने देशभर के युवा खिलाड़ियों को यह यकीन दिलाया कि दुनिया में सफलता पाना संभव है। हर स्पोर्ट्स जर्नी बदलती है, और जब एक चरण खत्म होता है तो दूसरा शुरू होता है। आपका अनुभव और खेल के प्रति प्रेम आगे भी कई लोगों का मार्गदर्शन करेगा। भारतीय खेलों के लिए आपने जो कुछ दिया उसके लिए धन्यवाद। आने वाली पीढ़ियां आपसे प्रेरणा लेती रहेंगी।’