प्रसून जोशी और संजय लीला भंसाली को मिलेगा राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान

संस्कृति विभाग ने गुरुवार को साल 2024-2025 के अपने 8 राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा की. संचालक, संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान, राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान, राष्‍ट्रीय महात्‍मा गांधी सम्‍मान, राष्‍ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्‍मान, राष्‍ट्रीय निर्मल वर्मा सम्‍मान, राष्‍ट्रीय फादर कामिल बुल्‍के सम्‍मान, राष्‍ट्रीय गुणाकर मुले सम्‍मान एवं राष्‍ट्रीय हिंदी सेवा सम्‍मान की घोषणा की गई है. राष्‍ट्रीय लता मंगेशकर सम्‍मान 28 सितंबर, 2025 को इंदौर में, राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 13 अक्टूबर, 2025 को खंडवा में, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान 2 अक्टूबर, 2025 को भोपाल में एवं राष्‍ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्‍मान, राष्‍ट्रीय निर्मल वर्मा सम्‍मान, राष्‍ट्रीय फादर कामिल बुल्‍के सम्‍मान, राष्‍ट्रीय गुणाकर मुले सम्‍मान एवं राष्‍ट्रीय हिंदी सेवा सम्‍मान हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर, 2025 को भोपाल में आयोजित समारोह में प्रदान किये जाएंगे. राष्‍ट्रीय महात्‍मा गांधी सम्‍मान में सम्मान स्वरूप 20 लाख और अन्य सम्मानों में 5 लाख की राशि दी जाएगी.

श्री नामदेव ने बताया कि वर्ष-2024 का राष्‍ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्‍मान श्री प्रशांत पोळ, जबलपुर एवं वर्ष-2025 का सम्मान श्री लोकेन्‍द्र सिंह राजपूत, भोपाल को प्रदान किया जाएगा. यह सम्‍मान प्रतिवर्ष हिंदी सॉफ्टवेयर सर्च इंजिन, वेब डिजाइनिंग, डिजीटल भाषा प्रयोगशाला, प्रोग्रामिंग, सोशल मीडिया, डिजीटल ऑडियो विजुअल एडीटिंग आदि में उत्‍कृष्‍ट योगदान के लिए दिया जाता है.