Monday, 14 September 2026 | 5:37 PM
India

फर्रुखाबाद: पांचाल घाट गंगा पुल बना खतरे का पुल—दो बार मरम्मत के बाद भी जॉइंट उखड़े, हादसे का मंडरा रहा खतरा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित पांचाल घाट गंगा पुल की हालत एक बार फिर चिंताजनक हो गई है। दो बार मरम्मत के बावजूद पुल के जॉइंट दोबारा उखड़ गए हैं, जिससे यहां से गुजरने वाले हजारों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुल के एक ओर क
Share:
फर्रुखाबाद: पांचाल घाट गंगा पुल बना खतरे का पुल—दो बार मरम्मत के बाद भी जॉइंट उखड़े, हादसे का मंडरा रहा खतरा
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित पांचाल घाट गंगा पुल की हालत एक बार फिर चिंताजनक हो गई है। दो बार मरम्मत के बावजूद पुल के जॉइंट दोबारा उखड़ गए हैं, जिससे यहां से गुजरने वाले हजारों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुल के एक ओर का जॉइंट पूरी तरह से खुल चुका है। हालत यह है कि अब लोहे के एंगल और सरिया तक साफ दिखाई देने लगे हैं। यह स्थिति किसी भी बड़े हादसे की आशंका को और बढ़ा रही है।

भारी यातायात से बढ़ा दबाव

इस पुल से प्रतिदिन लगभग 15 हजार से अधिक भारी वाहन गुजरते हैं। पुल की क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण अन्य जॉइंट्स के भी जल्द खराब होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही पर कोई ठोस नियंत्रण नहीं किया जा रहा, जिससे समस्या लगातार बढ़ रही है।

मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति?

पुल की स्थिति सुधारने के लिए पहले भी दो बार मरम्मत कार्य कराया जा चुका है। पिछली बार मार्च महीने में करीब एक माह तक यातायात डायवर्ट कर मरम्मत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। इससे विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

अधिकारी ने मानी पुल की उम्र पूरी

एनएचएआई के साइट इंजीनियर विश्वास मिश्रा के अनुसार, पुल अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुका है। अधिक भार वाले वाहनों के लगातार गुजरने के कारण जॉइंट बार-बार क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।

जल्द फिर शुरू होगी मरम्मत

विभाग का कहना है कि आगामी दो-तीन दिनों में एक बार फिर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। हालांकि, बार-बार की मरम्मत से समस्या के स्थायी समाधान पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सावधानी बरतने की अपील

पुल की जर्जर हालत को देखते हुए प्रशासन और विभाग ने यात्रियों से इस मार्ग पर गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही, स्थानीय लोगों ने पुल के स्थायी समाधान या नए पुल के निर्माण की मांग तेज कर दी है।