नवादा से द दस्तक 24 प्रतिनिधि द्वारा
नवादा। भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 124वीं जयंती पर उनके द्वारा स्थापित ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान, प्रतिमा पर माल्यार्पण, प्रार्थना सभा, प्रसाद वितरण, पौधारोपण तथा कृषक वैज्ञानिक वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोकनायक के विचारों को आत्मसात करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह स्वच्छता अभियान से हुई। इसके बाद ग्राम निर्माण मंडल के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार तथा उपस्थित जेपी आंदोलनकारियों ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ग्राम निर्माण मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर लोकनायक को नमन किया। मौके पर जेपी के जीवन-दर्शन, संघर्षों और सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने उनके संपूर्ण क्रांति, ग्राम स्वराज, समाज सेवा और सर्वोदय के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण का जीवन आज भी युवा पीढ़ी और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक समरसता, जनसेवा और ग्रामीण विकास को नई दिशा दी जा सकती है।
इसके बाद विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित लोगों ने लोकनायक के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। प्रार्थना सभा के उपरांत लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। जयंती समारोह के अवसर पर आश्रम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, नवादा की ओर से कृषक वैज्ञानिक वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कौआकोल प्रखंड के करमाटांड़, दनिया, झरनमा, रानीदर और कपसिया सहित सिरदला प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए 100 से अधिक किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने जलवायु अनुकूल खेती की तकनीकों, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उपायों और आधुनिक कृषि पद्धतियों के बारे में किसानों को जानकारी दी। मौके पर जेपी आंदोलनकारी ई० केबी यादव, जयप्रकाश सिंह,मनोहर पासवान एवं बिसुनदेव पासवान उपस्थित रहे। ग्राम निर्माण मंडल की ओर से डॉ. भारत भूषण शर्मा और सुचिता तिर्की समेत केवीके के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. जयवंत कुमार सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. शशांक शेखर सिंह, रजत रंजन, अंगद कुमार, फार्म प्रबंधक स्मिता रंजन तथा कार्यक्रम सहायक अनिल कुमार एवं मनोज कुमार सहित ग्राम निर्माण मंडल के अन्य पदाधिकारी, कर्मी और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।