नवादा से मिथिलेश कुमार द्वारा
रजौली-गया एसएच 70 मार्ग पर सिरदला थाना क्षेत्र के कर्मा गांव के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में भर्ती कराया, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तरमा गांव निवासी कृष्ण प्रसाद के 40 वर्षीय पुत्र रविन्द्र यादव के रूप में हुई है। वे अपनी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 27एस 6967) से सिरदला रोड की ओर जा रहे थे, तभी कर्मा के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से दुर्घटना का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों के बीच इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना के वक्त बाइक सवार संभवतः नशे की हालत में था, जिसके कारण वाहन से उसका नियंत्रण छूट गया और यह हादसा हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डयूटी पर तैनात डॉ. सूरज कुमार ने घायल युवक का तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टर ने बताया कि जांच के दौरान युवक के सिर में बेहद गंभीर चोटें पाई गईं, जिससे उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल और बेहतर इलाज के लिए उसे नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, इस घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।