पाकिस्तान में लापता 16 खनिकों की सामूहिक कब्र मिली, दस साल पहले हुए थे लापता

पाकिस्तान में 2011 में अचानक लापता हुए 16 खनिकों की सामूहिक कब्र मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को एक सामूहिक कब्र मिली जिसमें 16 कोयला खनिकों के शव थे। ये एक दशक पहले देश के उत्तर-पश्चिम में लापता हो गए थे।

माना जाता है कि आतंकवादियों ने उनका अपहरण कर मार डाला और बाद में दफना दिया।पुलिस ने बताया कि ये खनिक खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर से 75 किमी दूर कोहाट की एक खान में काम करते थे। यह इलाका अफगानिस्तान की सीमा से लगा है।

एक दशक पहले इस इलाके में आतंकवादी सक्रिय थे। पुलिस अधिकारी अलीम खान ने बताया कि एक ग्रामीण ने सुदूर पहाड़ी इलाके में सामूहिक कब्र होने की जानकारी दी थी। फोरंसिक जांच के बाद खनिकों के अवशेष उनके स्वजन को दफनाने के लिए सौंप दिए गए। ये खनिक स्वात घाटी के शांगला शहर के निवासी थे। खान ने बताया कि इस मामले में पुलिस अपनी जांच जारी रखेगी।