फर्रुखाबाद में होली पर कहासुनी के बाद घर में घुसकर मारपीट, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मार्च 2026 होली के त्योहार पर आपसी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ढुइयाँ मोहल्ला में दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों में शिवम्, राजवीर, सर्वेश पुत्र एवरन, करीना पुत्री सर्वेश तथा सर्वेश की मां मुन्नी देवी शामिल हैं। घायल के भाई जनवेश ने बताया कि शिवम् जब सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी अंकुल, चंदन और उनके साथियों ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ टिर्री (हाथ ठेला) चढ़ाने का भी प्रयास किया।

परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद आरोपी घर में घुस आए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की। मुन्नी देवी ने बताया कि होली के मौके पर हुई इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल है।

घायलों को पहले लिंजीगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों द्वारा सभी का उपचार किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Comment