अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ‘गोट इंडिया टूर’ के आखिरी चरण में अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचे, जहां आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने उन्हें भारत और यूएसए के बीच मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले की टिकट भेंट की। मेसी के साथ दिग्गज फुटबॉलर रोड्रिगो डी पॉल और लुइस सुआरेज भी मौजूद थे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली के साथ इस इवेंट में शामिल हुईं। इस दौरान मेसी को एक फ्रेम किया हुआ क्रिकेट बैट और टीम इंडिया की जर्सी भी गिफ्ट की गई। पूर्व भारतीय गोलकीपर अदिति चौहान ने तीनों मेहमानों को एक साइन की हुई टी-शर्ट गिफ्ट की।
अरुण जेटली स्टेडियम में मौजूद भीड़ का शुक्रिया अदा करते हुए मेसी ने कहा, ‘इतने दिनों में भारत में आपने हमें जो प्यार दिया है, उसके लिए आपका शुक्रिया। यह हमारे लिए एक अनूठा अनुभव था। हालांकि, यह बहुत ज्यादा और बहुत कम समय के लिए था, लेकिन यह इतना प्यार पाकर अच्छा लगा, जिसके बारे में मुझे पहले से पता था, लेकिन इसे खुद महसूस करना अविश्वसनीय था।’ उन्होंने कहा, ‘इन दिनों आपने हमारे लिए जो कुछ भी किया वह हैरान करने वाला था, एकदम पागलपन। इसलिए आप सभी के प्यार के लिए शुक्रिया। हम किसी दिन जरूर वापस आएंगे। शायद कोई मैच खेलने के लिए या किसी और मौके पर, लेकिन हम फिर से जरूर आएंगे। आपका बहुत-बहुत शुक्रिया।’
