कासगंज, 22 जुलाई 2026। राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम ( NADCP) के अंतर्गत जनपद कासगंज में खुरपका-मुंहपका रोग ( FMD) टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर टीकाकरण टीमों को रवाना किया गया।
अभियान के सफल संचालन हेतु जनपद के सभी विकास खंडों में कुल 4,67,000 वैक्सीन वितरित कर टीकाकरण टीमों को रवाना किया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के गोवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का व्यापक स्तर पर खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने सभी पात्र पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं तथा टीकाकरण टीमों को पूरा सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है, जिससे पशुधन की उत्पादकता एवं किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) राजेश चौरसिया, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. महेंद्र वर्मा, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ब्रजकिशोर उपाध्याय सहित समस्त पशुधन प्रसार अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

