लखीमपुर खीरी : दूसरे दिन सख्त पहरे में संपन्न हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, डीएम-एसपी रहे भ्रमणशील

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा 2025 दूसरे दिन सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान दोनों पालियों में कुल 13248 अभ्यर्थियों में से 9856 ने परीक्षा दी जबकि 3392 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, एडीएम (न्यायिक) सहित नोडल अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी केंद्रों पर मुस्तैदी से तैनात रहे। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने एडीएम ब्रजपाल सिंह दोनों सत्रों की परीक्षा में भ्रमणशील रहकर जनपद खीरी में स्थित परीक्षा केंद्रों (इस्लामिया इंटर कॉलेज, अबुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर परीक्षा को सकुशल एवं शुचितापूर्ण सम्पन्न कराने के लिए जरूरी निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने परीक्षार्थियों हेतु सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीसीटीवी कैमरों को चैक किया व संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा में आयोग के शत प्रतिशत निर्देशों के अनुपालन के निर्देश दिए। वही सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भी भ्रमणसील रहकर अपने सेक्टर के परीक्षा केंद्रों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए पूरी परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया।

बताते चले कि जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली के लिए पंजीकृत परीक्षार्थी 6624 के सापेक्ष पहली पाली में 4888 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तो 1736 अनुपस्थित रहे। इसी तरह से दूसरी पाली में 4968 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तो 1656 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। 10 जून को भी 16 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी।