कासगंज: 12000मतदाताओं के मतदेय स्थल के समायोजन की प्रक्रिया प्रारंभ

कासगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पूर्व जनपद कासगंज में 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों के सम्भाजन/समायोजन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 100 कासगंज, 101 अमांपुर एवं 102 पटियाली के मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची प्रकाशित कर दी गई है।
प्रकाशित प्रारूप के अनुसार विधानसभा क्षेत्र कासगंज में 260 मतदान केंद्र एवं 417 मतदेय स्थल, अमांपुर में 267 मतदान केंद्र एवं 372 मतदेय स्थल तथा पटियाली में 277 मतदान केंद्र एवं 401 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 804 मतदान केंद्र एवं 1190 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची डीईओ पोर्टल, संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालयों, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्रों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, कासगंज में अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगी। यदि किसी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि अथवा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को कोई आपत्ति या सुझाव देना हो तो वह प्रारूप सूची के प्रकाशन की तिथि से तीन दिवस के भीतर संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, कासगंज में लिखित रूप से प्रस्तुत कर सकता है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण के उपरांत मतदेय स्थलों की अंतिम सूची तैयार कर अनुमोदन हेतु अग्रेषित की जाएगी।

Leave a Comment