कासगंज :डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक में विद्युत व्यवस्था एवं योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक सम्पन्न

डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक में विद्युत व्यवस्था एवं योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा।

विद्युत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने के सांसद ने दिए निर्देश।

1912 पर प्राप्त विद्युत शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने पर दिया जोर।

कासगंज, 11 सितंबर 2026: मा0 सांसद श्री देवेश शाक्य जी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, कासगंज में “डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी” की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विद्युत व्यवस्था, विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण, चल रही योजनाओं की प्रगति तथा आगामी कार्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में रीवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के अंतर्गत जनपद में कराए जा रहे विद्युत कार्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि भारत सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य जनपद के विद्युत तंत्र को मजबूत करते हुए उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना तथा लाइन लॉस को कम करना है।
बैठक में जनपद में स्मार्ट मीटर स्थापना, RDSS योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्य, स्वीकृति हेतु प्रस्तावित कार्य तथा वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 के बिजनेस प्लान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
मा0 सांसद देवेश शाक्य ने कहा कि जनमानस से जुड़ी विद्युत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1912 पर प्राप्त होने वाली विद्युत संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। किसी भी उपभोक्ता को विद्युत समस्या के संबंध में शिकायत न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने लाइनमैनों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय में बदला जाए तथा विद्युत रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विद्युत अधिकारियों को समय-समय पर ट्रांसफार्मरों का लोड चेक करने के निर्देश भी दिए, जिससे विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न हो।
मा0 सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराया जाए। विद्युत व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्युत तंत्र को आधुनिक एवं मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने ब्रिलियंस टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि टीम द्वारा कोई भी ऐसा कार्य न किया जाए, जिससे किसी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लानी पड़े। सभी कार्य नियमानुसार एवं जिम्मेदारी के साथ किए जाएं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता एन0के0 प्रसाद सहित संबंधित विद्युत आपूर्ति विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment