88 अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय बढ़कर हुआ 17 हजार रुपये प्रतिमाह, 10 अनुदेशकों को दिए गए प्रतीकात्मक चेक
कासगंज : बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों की मानदेय वृद्धि 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने के उपलक्ष्य में जनपद कासगंज के सभागार में अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनपद के 88 अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिलने पर कार्यक्रम में हर्ष व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा० सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, मा० अमापुर विधायक हरिओम वर्मा, मा० जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मा० जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है तथा शिक्षकों एवं अनुदेशकों के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
मा० सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि आज प्रदेश में बच्चों की शिक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और इसमें अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि किए जाने से अनुदेशक और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
मा० अमापुर विधायक हरिओम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब शिक्षकों एवं अनुदेशकों को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा महिला अंशकालिक अनुदेशकों को मानदेय सहित 6 माह का मातृत्व अवकाश भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा एवं सुना गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अनुदेशकों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में जनपद के 10 अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। चेक प्राप्त कर अनुदेशकों के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा उन्होंने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षकों एवं अनुदेशकों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अनुदेशक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
