जेडीयू का दावा, आरजेडी के 17-18 विधायक संपर्क में

बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. ठंड के मौसम में जहां आम लोग अलाव और गरम कपड़ों का सहारा ले रहे हैं, वहीं राजनीतिक गलियारों में बयानबाज़ी की गर्मी साफ महसूस की जा सकती है. इसकी वजह बना है बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार का वह बयान, जिसमें उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 17 से 18 विधायक उनके संपर्क में हैं. इस एक बयान ने सत्ता और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस को नए सिरे से हवा दे दी है. जेडीयू मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने राजद पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी इस समय विकल्पहीनता और नेतृत्वहीनता के दौर से गुजर रही है. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव शारीरिक रूप से अस्वस्थ होने के बावजूद पार्टी पद पर बने हुए हैं, जबकि तेजस्वी यादव शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं लेकिन राजनीतिक रूप से अस्वस्थ हैं. नीरज कुमार का यह बयान केवल व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके पीछे एक राजनीतिक रणनीति भी देखी जा रही है.

उन्होंने दावा किया कि राजद के 17 से 18 विधायक उनके संपर्क में आए हैं और उन्होंने इस बात की आशंका जताई है कि कहीं विकास के मामले में उनके साथ भेदभाव तो नहीं होगा. नीरज कुमार ने कहा कि चाहे कल्याणबीघा हो या फुलवरिया, विकास के नाम पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दरवाजा विकास के लिए दलगत आधार पर नहीं, बल्कि सभी के लिए खुला है.