फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए परिवहन नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर मंगलवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया, जिसमें ओवरलोड वाहनों, डग्गामार बसों, मानकविहीन नंबर प्लेट और बिना रिफ्लेक्टिव टेप वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान दो ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर सीज किया गया। इन वाहनों पर कुल 52 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं एक डग्गामार बस को भी सीज किया गया, जिस पर 31 हजार रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया। जांच में सामने आया कि यह बस जयपुर से शाहजहांपुर और बरेली तक अवैध रूप से यात्रियों का परिवहन कर रही थी।
प्रवर्तन टीम ने बिना नंबर प्लेट, मानकविहीन, विकृत अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले 26 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 वाहनों को सीज किया। इसके अलावा बिना रिफ्लेक्टिव टेप के संचालित हो रहे सात वाहनों को भी सीज किया गया। आवश्यक रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाने के बाद ही इन वाहनों को छोड़ा गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा कुल लगभग 2.95 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
प्रशासन ने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टिव टेप अवश्य लगवाएं। अधिकारियों के अनुसार रात्रि के समय रिफ्लेक्टिव टेप दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम करते हैं। नियमानुसार वाहनों के आगे सफेद, दोनों किनारों पर पीले तथा पीछे लाल रंग का रिफ्लेक्टिव टेप लगाया जाना अनिवार्य है। बिना रिफ्लेक्टिव टेप के वाहन संचालन पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना निर्धारित किया गया है और ऐसे वाहनों की फिटनेस भी जारी नहीं की जाती।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में परिवहन विभाग ने प्रवर्तन कार्यों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विभाग ने चालान के मासिक लक्ष्य 300 के सापेक्ष अब तक 858 वाहनों के चालान कर 286 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। वहीं 150 वाहनों के सीज लक्ष्य के मुकाबले 177 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 118 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की गई है। प्रशमन शुल्क के मद में 36 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 46.71 लाख रुपये की वसूली कर 129.75 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित की गई है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर फर्रुखाबाद का प्रवर्तन दल प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनपद में ओवरलोडिंग, अवैध यात्री परिवहन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सघन अभियान जारी रहेंगे।
