फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 जनपद में नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनसीओआरडी (नेशनल नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन) समिति की बैठक जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, औषधि निरीक्षक, वन विभाग, कृषि विभाग, एनडीपीएस के विशेष अधिवक्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तथा नारकोटिक्स सेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में नशीली दवाओं के अवैध प्रयोग, भंडारण और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 17 जून से 26 जून 2026 तक संचालित विशेष अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
बैठक में नारकोटिक्स से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस, अभियोजन और आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि मादक पदार्थों से संबंधित मामलों में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा समाज कल्याण विभाग को युवाओं और संवेदनशील वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं शिक्षा विभाग को विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशामुक्ति की शपथ, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सा एवं औषधि प्रशासन विभाग को मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही आबकारी विभाग को जनपद की सभी भांग की दुकानों की सघन जांच कर निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि युवाओं को नशीली दवाओं और नारकोटिक्स के दुष्प्रभावों से बचाना समाज और प्रशासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों से जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
