वजीरगंज में ही डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय का संचालन हेतु भवन का हुआ निरीक्षण
गया से उपेन्द्र पथिक की रिपोर्ट
डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, वजीरगंज को नवादा स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव के बीच विद्यालय का संचालन वजीरगंज में ही जारी रखने की दिशा में पहल तेज हो गई है। सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार मांझी एवं हम (से.) के जिला महासचिव विकास कुमार पासवान ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात कर वजीरगंज में ही विद्यालय संचालित करने की मांग को लेकर लिखित आवेदन दिया था। केंद्रीय मंत्री के निर्देश तथा गया के जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में गुरुवार को जिला कल्याण पदाधिकारी वजीरगंज पहुंचे। उन्होंने प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार मांझी एवं विकास कुमार पासवान के साथ बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम द्वारा निर्मित भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं विद्यालय संचालन की संभावनाओं का जायजा लिया गया। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान भवन की भौतिक स्थिति से संबंधित रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि विशुनपुर मौजा में करीब 3.5 एकड़ भूमि पर 720 छात्राओं की क्षमता वाले नए आवासीय विद्यालय के निर्माण के लिए विभाग को प्रस्ताव एवं आदेश भेजा जा चुका है। जल्द ही विशुनपुर, वजीरगंज में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। इस मौके पर सुनील कुमार मांझी, विकास कुमार पासवान, शिवशंकर प्रसाद, इंदल चौधरी एवं सदानंद प्रेमी ने कहा कि छात्राओं और अभिभावकों की सुविधा तथा सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय का संचालन वजीरगंज में ही जारी रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक भवन उपलब्ध होने से विद्यालय को नवादा स्थानांतरित करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को भी इसका लाभ मिलता रहेगा।
स्मरणीय है कि विद्यालय भवन के अभाव में इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की बात चल रही थी।इसी बीच दलित समाज के कुछ नेताओं ने इसपर पहल की और अंततः जिला प्रशासन ने इसका समाधान के लिए प्रयास किया।अब उम्मीद है कि वैकल्पिक व्यवस्था हो जाने पर यह विद्यालय अब वजीरगंज में ही रहेगा।
गया: डॉ भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के भवन के लिए निरीक्षण
