फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जून 2026 सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, मंडी परिषद तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा संचालित सड़क परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत परीक्षण किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्मित एवं मरम्मत कराई जा रही सड़कों की वित्तीय और भौतिक प्रगति के साथ-साथ सीएमआईएस पोर्टल पर प्रदर्शित परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत संचालित 46 कार्यों तथा क्रिटिकल गैप्स योजना के 8 कार्यों की प्रगति का गहन परीक्षण किया।
समीक्षा के दौरान जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें कार्यों में तेजी लाने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की अवशेष धनराशि नियमानुसार समर्पित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 10 कार्यों के टेंडर बिटूमिन की कीमतों में अत्यधिक वृद्धि के कारण संपन्न नहीं हो सके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आगणन संशोधित कराने के लिए सक्षम स्तर पर प्रभावी पत्राचार करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता, यू.पी.सी.एल.डी.एफ. के अनुपस्थित रहने तथा कार्यों की प्रगति में अपेक्षित सुधार न किए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध प्रबंध निदेशक को पत्र भेजे जाने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा अधिशासी अभियंता, जल निगम (नगरीय), मंडी परिषद, एपेल्स फेड तथा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को अद्यतन प्रगति विवरण के साथ अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सभी अधिशासी अभियंताओं एवं परियोजना प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक समीक्षा बैठक में पूर्ण तैयारी और अद्यतन अभिलेखों के साथ प्रतिभाग करें तथा सभी सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराना सुनिश्चित करें।
