फर्रुखाबाद के वृद्धावस्था पेंशनधारियों के लिए जरूरी सूचना: तुरंत कराएं DBT सक्रिय, नहीं तो अटक सकती है पेंशन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जुलाई 2026 राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों के लिए जिला समाज कल्याण विभाग ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विभाग ने बताया है कि जिन लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) सक्रिय नहीं है, उन्हें भविष्य में पेंशन की राशि मिलने में कठिनाई हो सकती है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय किस्त के भुगतान के दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी सक्रिय न होने के कारण भुगतान का ट्रांजेक्शन असफल हो गया। इसके चलते कई पात्र वृद्ध पेंशनधारी अपनी पेंशन की धनराशि प्राप्त नहीं कर सके।

उन्होंने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते में जल्द से जल्द डीबीटी सक्रिय कराएं। यदि आवश्यक हो तो इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) में नया खाता खुलवाकर भी डीबीटी की सुविधा सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में पेंशन की राशि सीधे उनके खाते में बिना किसी बाधा के पहुंच सके।

विभाग ने बताया कि लाभार्थी अधिक जानकारी या सहायता के लिए अपने विकास खंड कार्यालय के सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण), संबंधित उपजिलाधिकारी कार्यालय के समाज कल्याण पर्यवेक्षक अथवा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या-09 से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 8299504874 पर भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि लाभार्थी समय रहते अपने खाते में डीबीटी सक्रिय करा लेते हैं, तो वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम किस्त का भुगतान भी बिना किसी तकनीकी बाधा के सीधे उनके बैंक खाते में किया जा सकेगा।

साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और पात्र पेंशनधारियों को डीबीटी सक्रिय कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी पेंशन से वंचित न रहे।

Leave a Comment