फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 सितंबर 2026 मोहम्मदाबाद ब्लॉक की ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी प्रक्रिया और किसानों व महिलाओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर पिछले 17 दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 18वें दिन महत्वपूर्ण निर्णय के बाद स्थगित कर दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से चकबंदी प्रक्रिया स्थगित किए जाने की घोषणा के बाद धरना स्थल पर मौजूद किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जिला अध्यक्ष अजय कटियार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की थी। वार्ता के दौरान चकबंदी प्रक्रिया को रोकने के लिए चकबंदी आयुक्त, लखनऊ को पत्र भेजने की बात कही गई थी।
इसी क्रम में गुरुवार को जिला चकबंदी/बंदोबस्त अधिकारी के.डी. राम, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह और थाना प्रभारी नवाबगंज धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं। जिला अध्यक्ष अजय कटियार, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य और कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने किसानों की मांगों से संबंधित मांग पत्र अधिकारियों को सौंपा।
चकबंदी प्रक्रिया स्थगित करने की घोषणा
जिला चकबंदी/बंदोबस्त अधिकारी के.डी. राम ने किसानों के बीच अपना वक्तव्य रखते हुए कहा कि जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में ग्राम सभा बराकेशव की चकबंदी प्रक्रिया को स्थगित किया जाता है। किसानों की मांगों को चकबंदी आयुक्त लखनऊ के समक्ष भेजा जाएगा।
अधिकारी की इस घोषणा के बाद धरना स्थल पर किसानों ने खुशी जताई और इसे अपने संघर्ष की सफलता बताया।
किसानों की एकता की जीत: अरविंद शाक्य
प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया का स्थगित होना किसानों के लिए ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि अपने हक और अधिकारों के लिए किसान लगातार धरने पर डटे रहे, जिसके परिणामस्वरूप प्रशासन ने उनकी बात सुनी।
कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने कहा कि यह किसानों की एकता की जीत है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय धरने में लगातार शामिल रहे किसानों को दिया।
वीरांगनाओं और शहीदों की धरती है बराकेशव: अजय कटियार
जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि ग्राम सभा बराकेशव वीरांगनाओं और शहीदों की धरती है। इस गांव ने देशभक्ति और बलिदान की मिसाल कायम की है। उन्होंने गांव की माताओं और बहनों को नमन करते हुए कहा कि इसी पंचायत के शहीद राकेश सिंह यादव भी निवासी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह जब भी धरना स्थल पर आते थे, रास्ते में शहीद राकेश सिंह यादव को नमन करके आते थे। उन्होंने चकबंदी प्रक्रिया स्थगित होने पर आंदोलन में सहयोग करने वाले सभी किसानों का आभार जताया।
अजय कटियार ने कहा कि किसानों की एकजुटता से ही यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि “एकता में बहुत बल होता है” और आज सभी के एकजुट रहने के कारण यह दिन देखने को मिला। इसके साथ ही उन्होंने पिछले 18 दिनों से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को स्थगित करने की घोषणा की।
बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं रहीं मौजूद
धरना समाप्ति के अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, संजीव सोमवंशी, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला संगठन मंत्री अरविंद शाक्य, राजेश गंगवार, जगन्नाथ, बिजनेश यादव, रामनरेश यादव, बबलू खटीक, अंकेश गंगवार, सतीश कठेरिया, टिंकू यादव, शिवराम शाक्य, दीपक राठौर, बड़े यादव, अनेंद्र गंगवार, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
