फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में संचालित पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का जिला स्तरीय अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में बालिकाओं को मिल रही शिक्षा, आवासीय सुविधाओं, भोजन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं से सीधे संवाद किया और उनके रहने, खाने-पीने, दैनिक उपयोग की सामग्री तथा शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। बालिकाओं से विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और किसी प्रकार की समस्या के संबंध में भी फीडबैक लिया गया।
अधिकारियों ने विद्यालयों के रसोईघर की साफ-सफाई, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन की व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता, कंप्यूटर लैब, सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं को सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान विद्यालयों में कार्यरत वार्डन एवं प्रभारी वार्डन, फुल टाइम टीचर, पार्ट टाइम टीचर, रसोइया और चौकीदार आदि से भी संवाद कर विद्यालय के संचालन एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवासीय सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इन व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए विद्यालयों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण आगे भी जारी रहेगा।
