फर्रुखाबाद:20 लाख के जेवरात चोरी की निकली झूठी कहानी, जहानगंज पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2026 थाना जहानगंज पुलिस ने घर में करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की झूठी सूचना देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जहानगंज पुलिस ने महरूपुर खार निवासी प्रदीप कुमार उर्फ रिंकू पुत्र रामफेरे सिंह को गिरफ्तार किया।

डायल-112 पर दी थी चोरी की सूचना

21 अगस्त 2026 को आरोपी ने डायल-112 पर सूचना दी कि उसके घर में चोरी हो गई है और करीब 20 लाख रुपये के जेवरात एवं नकदी चोरी कर ली गई है। सूचना मिलते ही थाना जहानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट द्वारा भी साक्ष्य संकलन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े कुछ तथ्य संदिग्ध मिले। गहन जांच में चोरी की सूचना झूठी पाए जाने पर उपनिरीक्षक बृजेश यादव की तहरीर पर थाना जहानगंज में मुकदमा अपराध संख्या 162/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पत्नी से गहने छिपाने के लिए रची थी साजिश

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पूर्व में कुछ गहने अपने मायके ले गई थी। बाद में उसने गहने कहीं गिर जाने की बात बताई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी उन गहनों को वापस घर ले आई थी।

आरोपी ने पत्नी से गहने छिपाने के उद्देश्य से चोरी की झूठी कहानी तैयार की। उसने डायल-112 पर फोन कर घर से करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की सूचना दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पत्रकारों को भी दिनदहाड़े चोरों द्वारा घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी किए जाने की जानकारी दी तथा वीडियो के माध्यम से बयान भी दिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना को वास्तविक चोरी दिखाने के लिए आरोपी ने स्वयं लोहे के सब्बल से अलमारी का लॉक तोड़ा और गहनों को बड़े बक्से के नीचे छिपा दिया। आरोपी का कथित तौर पर बाद में गहने निकालकर बेचने का इरादा था।

लाखों के जेवरात बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सफेद और पीली धातु के बड़ी संख्या में जेवरात बरामद किए। बरामद सामान में दो करधनी, तीन जोड़ी पायल, चाबी का गुच्छा, साड़ी पिन, अंगूठियां, पुराना सिक्का, मंगलसूत्र, चैन, जेंट्स एवं लेडीज अंगूठियां, चूड़ियां, झाले, नथ और अन्य आभूषण शामिल हैं।

बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया।

यह पुलिस टीम रही शामिल

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थाना प्रभारी श्रीमती पूनम अवस्थी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश यादव, कांस्टेबल अनुज तथा कांस्टेबल सोनू सिंह शामिल रहे।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास के संबंध में थाना एवं अन्य जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Comment