फर्रुखाबाद:सम्भव अभियान 6.0 की तैयारियां पूरी, कुपोषण मुक्त जिला बनाने को तेज हुए समन्वित प्रयास

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जून 2026 जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार जून से सितंबर तक संचालित होने वाले “सम्भव अभियान 6.0” की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान के तहत गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की पहचान, उपचार एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

अभियान के दौरान जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत वजन और लंबाई मापन कराया जाएगा। गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से ई-कवच पोर्टल पर पंजीकृत कर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराकर बच्चों को कुपोषण की गंभीर श्रेणी से बाहर लाने का प्रयास किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, गर्भावस्था के दौरान वृद्धि निगरानी तथा पोषण ट्रैकर ऐप पर आंकड़ों का नियमित फीडिंग कार्य भी किया जाएगा। छह माह से अधिक आयु के बच्चों के अभिभावकों को पूरक आहार एवं संतुलित पोषण के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार, फर्रुखाबाद ने पिछले वर्षों में सम्भव अभियान के प्रभावी संचालन में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2024 में जनपद को प्रदेश में चौथा तथा वर्ष 2025 में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था। अब वर्ष 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सम्भव अभियान 5.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, सीडीपीओ शमसाबाद मीनाक्षी सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सोनी शर्मा तथा सहायिका मालती शर्मा को 18 जून 2026 को प्रदेश स्तर पर माननीय मंत्री बेबी रानी मौर्य द्वारा सम्मानित किया गया था।

इसी क्रम में सोमवार को आयोजित जनपद स्तरीय बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को सम्मानित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर कार्ययोजना और प्रभावी समन्वय के बल पर जनपद इस वर्ष प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।

बैठक के दौरान सम्भव अभियान 6.0 की प्रस्तावित गतिविधियों और कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर जनसहभागिता बढ़ाने तथा अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Comment