फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2026 कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 24 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
19 अगस्त को दर्ज हुई थी लूट की रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को वादी नवीन कुमार अग्रवाल निवासी वृंदावन, जनपद मथुरा ने कोतवाली मोहम्मदाबाद में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाश उनकी फर्म के कर्मचारियों से रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर कोतवाली मोहम्मदाबाद में मुकदमा संख्या 282/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी दबोचे
विवेचना और पुलिस की जांच के दौरान प्रकाश में आए तीन आरोपियों शिव कुमार, विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 24,00,000 रुपये बरामद किए। मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम कल्हौर पछाह थाना घिरोर, विशाल उर्फ सीटू पुत्र उपेन्द्र सिंह निवासी ग्राम कल्हौर पछाह थाना घिरोर तथा उमेश उर्फ ततैया पुत्र कुंवरपाल निवासी ग्राम कल्हौर पछाह थाना पिरोर, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।
चालक ने ही बनाई थी लूट की योजना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिव कुमार जीबीए स्टील लिमिटेड, शिकोहाबाद में चालक के रूप में कार्य करता है और फर्म के मुनीम संदीप गौतम के साथ रुपये लाने-ले जाने का काम करता था। उसे पहले से जानकारी थी कि 18 अगस्त को संदीप के साथ फर्रुखाबाद से रुपये लेकर जाना है।
आरोप है कि शिव कुमार ने अपने भाई कुंवर बहादुर उर्फ सोनू तथा साथी विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, खाटू श्याम मंदिर के पास बेवर रोड पर सुनसान स्थान पर हार्न चेक करने के बहाने कार रोकी गई। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे आरोपियों ने संदीप को तमंचा दिखाकर रुपये से भरा बैग लूट लिया।
लूट के बाद बैग को वीरपुर गांव के पास झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को चारों आरोपी रुपये निकालने पहुंचे। बैग में कुल 30 लाख रुपये मिलने पर उन्होंने रकम आपस में बांट ली।
तीन आरोपियों से 24 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने शिव कुमार के कब्जे से 9.75 लाख रुपये, विशाल उर्फ सीटू से 8.25 लाख रुपये तथा उमेश उर्फ ततैया से 6 लाख रुपये बरामद किए। उमेश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जिसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल कुंवर बहादुर उर्फ सोनू करीब 6 लाख रुपये लेकर फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक, विशाल उर्फ सीटू के खिलाफ वर्ष 2017 में आईपीसी की विभिन्न धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज रहा है। उमेश उर्फ ततैया के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में पूर्व के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। तीनों के खिलाफ वर्तमान लूट का मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
इन पुलिस टीमों ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी आमोद कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध मुन्नालाल, उपनिरीक्षक जसवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एसओजी टीम का नेतृत्व संत कुमार ने किया, जबकि सर्विलांस टीम में मु.आ.चा. चंद्रशेखर, हेड कांस्टेबल संदीप राव, कांस्टेबल राहुल शर्मा और अरविन्द सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
