फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 11 सितंबर 2026 मसेनी चौराहा स्थित कुसुम बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार को महिला शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश का जनपदीय अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। अधिवेशन के दौरान संगठन की नई जनपदीय कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि गंगवार रहीं। उन्होंने महिला शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा व्यवस्था में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षिकाएं विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
अधिवेशन में संगठन की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाने के साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षिकाओं की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने तथा उनके हितों के लिए संगठित होकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
महिला शिक्षकों ने अधिवेशन के दौरान अपनी विभिन्न विभागीय समस्याओं और लंबित मांगों को भी प्रमुखता से रखा। इस पर संबंधित स्तर से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल किए जाने का भरोसा दिलाया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महिला शिक्षक संघ शिक्षिकाओं की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा। नई कार्यकारिणी से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शिक्षिकाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने की अपेक्षा जताई गई।
अधिवेशन के समापन पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
