फर्रुखाबाद:जिला कारागार का प्रभारी मंत्री ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण और भोजन गुणवत्ता पर दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 11 सितंबर 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार फतेहगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कारागार में निरुद्ध बंदियों की संख्या तथा उनके स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पाकशाला पहुंचकर भोजन व्यवस्था की भी जानकारी ली और बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुरुष एवं महिला बंदियों का नियमित हो स्वास्थ्य परीक्षण

बंदी चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि पुरुष एवं महिला बंदियों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और उन्हें गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि संक्रमित एवं गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को सामान्य मरीजों से अलग रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।

रोस्टर के अनुसार लगाई जाए बंदियों की ड्यूटी

प्रभारी मंत्री ने पाकशाला में भोजन तैयार करने और कारागार की अन्य व्यवस्थाओं में बंदियों की ड्यूटी पारदर्शी तरीके से रोस्टर के अनुसार लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा कारागार परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

सुरक्षा के साथ मानवीय और सुधारात्मक वातावरण पर जोर

प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कारागारों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय एवं सुधारात्मक वातावरण भी उपलब्ध कराया जाए। बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान प्रशासक जिला पंचायत श्रीमती मोनिका यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, जेल अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, चिकित्सक डॉ. नीरज सहित संबंधित अधिकारी, कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment