फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2026 जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत वर्ष 2026 की पहली छमाही (01 जनवरी से 30 जून 2026) के दौरान उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है। अभियान के अंतर्गत प्रभावी विवेचना, सशक्त पैरवी और अभियोजन के समन्वय से बड़ी संख्या में अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाई गई।
फतेहगढ़ पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, छह माह की अवधि में 212 मुकदमों का निस्तारण हुआ, जिनमें 304 अभियुक्तों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई। वहीं 30 अभियुक्त न्यायालय से दोषमुक्त हुए।
आंकड़ों के अनुसार 16 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा मिली। इसके अलावा 33 अभियुक्तों को 10 से 14 वर्ष, 39 अभियुक्तों को 5 से 9 वर्ष, 129 अभियुक्तों को 1 से 5 वर्ष तक की विभिन्न सजाएं सुनाई गईं। वहीं 87 अभियुक्तों को जेल में बिताई गई अवधि के बराबर सजा दी गई।
मुकदमों के आधार पर देखें तो 9 मामलों में आजीवन कारावास, 17 मामलों में 10 से 14 वर्ष, 21 मामलों में 5 से 9 वर्ष, 81 मामलों में 1 से 5 वर्ष की सजा, जबकि 84 मामलों में जेल में बिताई गई अवधि के बराबर सजा सुनाई गई।
फतेहगढ़ पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ का उद्देश्य अपराधियों को शीघ्र एवं प्रभावी कानूनी दंड दिलाकर कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि “अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस और न्याय के प्रति जीरो समझौता” की नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
