फर्रुखाबाद:अंशकालिक अनुदेशकों के बढ़े मानदेय वितरण का शुभारंभ, 234 अनुदेशक होंगे लाभान्वित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 मई 2026 बेसिक शिक्षा विभाग फर्रुखाबाद द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण के शुभारंभ को लेकर एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अंशकालिक अनुदेशकों के योगदान को सम्मानित करना तथा प्रदेश सरकार द्वारा उनके हित में संचालित योजनाओं एवं निर्णयों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ० सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं मुख्य विकास अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं विभिन्न विकास खंडों से आए अंशकालिक अनुदेशक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अंशकालिक अनुदेशकों के योगदान, शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों तथा सरकार की योजनाओं पर आधारित प्रस्तुति दी गई। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा और शिक्षकों के हित में लिए गए निर्णयों की सराहना की गई।

अपने संबोधन में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं और प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक उच्च प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनके प्रयासों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में पहले 7 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया मानदेय अब बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इस फैसले से जनपद फर्रुखाबाद के कुल 234 अंशकालिक अनुदेशक सीधे लाभान्वित होंगे।

मानदेय वृद्धि के बाद जनपद में कुल व्यय 21.06 लाख रुपये से बढ़कर 39.78 लाख रुपये हो गया है, जिससे अनुदेशकों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। इसके अलावा सरकार द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ भी दिया जा रहा है। महिला अनुदेशकों के लिए 360 दिन के मातृत्व अवकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकास खंड से तीन-तीन अंशकालिक अनुदेशकों सहित कुल 21 अनुदेशकों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। सम्मानित अनुदेशकों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला है।

समारोह के अंत में अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार “परिवर्तन की बहती बयार, 9 वर्ष योगी सरकार” के संकल्प के साथ शिक्षा क्षेत्र में लगातार सुधार और विकास कार्य कर रही है। “हमारा लक्ष्य बेहतर शिक्षा, उन्नत भविष्य” के उद्देश्य के साथ शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।