फर्रुखाबाद:कायमगंज पुलिस ने लूटकांड में वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार, 1.05 लाख रुपये व मोबाइल बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 12 सितंबर 2026 कोतवाली कायमगंज पुलिस ने लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,05,800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान यश पुत्र सत्यप्रकाश उर्फ धूरे, निवासी नोनियमगंज, कोतवाली कायमगंज, जनपद फतेहगढ़ के रूप में हुई है। यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर की गई। 

मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर लूटा था रुपयों से भरा बैग

पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को पंकज शर्मा पुत्र महेश चन्द्र शर्मा निवासी पृथ्वी दरवाजा, कायमगंज ने तहरीर देकर बताया था कि नारायण ट्रेडिंग कंपनी, लालपुर कायमगंज के गोदाम के गेट के पास दो लोगों ने काले रंग की मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में कोतवाली कायमगंज में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गई थीं। 

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर सात आरोपी प्रकाश में आए। इनमें से छह आरोपियों को 28 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और 6.70 लाख रुपये बरामद किए जा चुके थे। विवेचना के क्रम में पुलिस ने शेष वांछित आरोपी यश को भी गिरफ्तार कर लिया। 

पूछताछ में आरोपी ने बताई वारदात की कहानी

पुलिस पूछताछ में आरोपी यश ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रेकी की थी। इसके बाद 27 अगस्त को गोदाम के सामने मजदूरों को बांटे जाने वाले रुपयों की बोरी लूट ली गई थी। आरोपी के अनुसार अगले दिन रुपयों का बंटवारा हुआ, जिसमें उसके हिस्से में करीब 1.30 लाख रुपये आए थे। 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,05,800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध कायमगंज कोतवाली में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। 

गिरफ्तारी करने वाली टीम

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश बघेल, कांस्टेबल विजय कुमार, सचिन कुमार और अविनाश शामिल रहे।

Leave a Comment