फर्रुखाबाद: SBI बैंक के लॉकर से करीब 1 करोड़ के जेवर गायब, रिटायर्ड सूबेदार के उड़े होश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जून 2026 जिले के फतेहगढ़ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा में बैंक लॉकर से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक अधिकारियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार एक रिटायर्ड सूबेदार अपने बैंक लॉकर से जेवरात निकालने के लिए फतेहगढ़ स्थित एसबीआई शाखा पहुंचे थे। जब उन्होंने अपना लॉकर खोला तो वह खाली मिला। लॉकर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण गायब देखकर उनके होश उड़ गए और उन्हें गहरा धक्का लगा।

पीड़ित ने तत्काल बैंक प्रबंधन को मामले की जानकारी दी। बैंक मैनेजर को लॉकर से जेवरात गायब होने की सूचना मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और पुलिस को अवगत कराया गया।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी, फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बैंक परिसर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और बैंक के रिकॉर्ड व सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज, लॉकर संचालन संबंधी अभिलेखों और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जेवरात गायब होने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना ने बैंक लॉकरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और बैंक प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Comment