फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2026 लालगेट स्थित मेसर्स रामशरण अग्रवाल एंड कम्पनी एचपीसीएल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की मात्रा को लेकर सामने आई शिकायत के बाद जिला पूर्ति विभाग, विधिक एवं बांट-माप विभाग तथा एचपीसीएल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विस्तृत जांच की। जांच में पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता, माप, मशीन की सील और स्टॉक में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।
जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम थाना कादरीगेट के थानाध्यक्ष द्वारा पूर्ति निरीक्षक नगरपालिका परिषद फर्रुखाबाद को सूचना दी गई थी कि सुधीर यादव पुत्र सोनेलाल यादव, निवासी ग्राम खमौरा, थाना हरपालपुर, जनपद हरदोई ने उक्त पेट्रोल पंप से अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP 30CD 4078 में 200 रुपये का पेट्रोल भरवाया। वाहन का मीटर ब्लिंक करने पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने डायल-100 को सूचना दी।
सूचना के बाद पूर्ति निरीक्षक द्वारा तत्काल पंप के खुदरा विक्रय पर रोक लगा दी गई। मामले की विस्तृत जांच के लिए कंपनी के अधिकारियों तथा विधिक एवं बांट-माप विभाग और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम ने की विस्तृत जांच
27 अगस्त 2026 को दोपहर 12:30 बजे जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। टीम में वरिष्ठ निरीक्षक विधिक एवं बांट-माप विभाग मीनू तिवारी, एचपीसीएल के बिक्री प्रबंधक सूरज सिंह, पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक अभिषेक मिश्रा और पूर्ति लिपिक राजीव कुमार शामिल रहे। जांच के दौरान पंप स्वामी अंशु गोयल भी मौजूद रहे।
जांच के दौरान एचपीसीएल बिक्री प्रबंधक द्वारा पेट्रोल और डीजल की डेंसिटी की जांच की गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। इसके बाद विधिक एवं बांट-माप विभाग की वरिष्ठ निरीक्षक ने अधिकृत पांच लीटर मापक यंत्र से पेट्रोल और डीजल की माप कराई। दोनों की मात्रा अनुमन्य सीमा के भीतर पाई गई।
टीम ने डिस्पेंसिंग यूनिट और मशीन को खोलकर उसकी सील की भी जांच की। सील सही मिली और उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ के प्रमाण नहीं मिले। इसके अलावा डिप रॉड के माध्यम से पेट्रोल और डीजल के स्टॉक का सत्यापन भी किया गया, जो सही पाया गया।
जांच में नहीं मिली कोई अनियमितता
जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, विस्तृत जांच के दौरान पेट्रोल या डीजल में घटतौली, मशीन की सील से छेड़छाड़, स्टॉक में अंतर अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई। जांच के सभी प्रमुख बिंदु निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।
इस प्रकार लालगेट स्थित एचपीसीएल पेट्रोल पंप की जांच में पेट्रोल-डीजल में घटतौली सहित किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।
