फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जून 2026 थाना कम्पिल पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना कम्पिल में दर्ज मुकदमा संख्या 99/2026, धारा 80/85(2) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त राहुल कुमार पुत्र रामसरन एवं रामसरन पुत्र वीरसहाय निवासी ग्राम प्रीतम नगला, थाना कम्पिल, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
क्या है मामला
पुलिस के मुताबिक, 6 जून 2026 को वादी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्तगण उसकी पुत्री से अतिरिक्त दहेज के रूप में एक लाख रुपये नकद और सोने की जंजीर की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया गया तथा बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना कम्पिल में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने पति राहुल कुमार और उसके पिता रामसरन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में क्या बोले आरोपी
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कहा कि वे अपना पक्ष और सफाई अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत करेंगे।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त राहुल कुमार और रामसरन के विरुद्ध वर्तमान मुकदमे के अतिरिक्त कोई अन्य आपराधिक इतिहास प्रकाश में नहीं आया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस कार्रवाई में थाना कम्पिल के थानाध्यक्ष नितिन चौधरी, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार तथा कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
