फर्रुखाबाद:किसानों का सर्वांगीण विकास आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता- कृषक समृद्धि आयोग सदस्य कुलजीत सिंह

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2026 कृषकों की आय में वृद्धि, कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। किसानों का सर्वांगीण विकास कृषक समृद्धि आयोग का मुख्य उद्देश्य है। यह बात कृषक समृद्धि आयोग, उत्तर प्रदेश शासन के सदस्य (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) कुलजीत सिंह ने सोमवार को सर्किट हाउस में कृषि एवं कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कही।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कृषि एवं कृषि से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सदस्य ने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में सुधार के उद्देश्य से वर्ष 2017 में कृषक समृद्धि आयोग का गठन किया गया था। कृषि के साथ-साथ पशुपालन और डेयरी विकास को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र कृषकों को योजनाओं की पूरी जानकारी उपलब्ध कराते हुए पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लाभान्वित किया जाए।

कृषकों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान

कुलजीत सिंह ने विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कृषि क्षेत्र के विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता तथा कृषि से संबंधित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं और उनकी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। सदस्य ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप निदेशक कृषि अरविंद मोहन, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार, एआर कॉपरेटिव अजय पालीवाल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी रोली सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया रानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment