फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन हेतु सभी विभाग समन्वय स्थापित कर करें प्रभावी कार्यवाही -जिलाधिकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जुलाई 2026 जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत “जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय समन्वय समिति” की बैठक आयोजित की गई। बैठक में “राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस” के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किए जाने पर चर्चा की गई।

      बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित स्वास्थ्य इकाइयों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं सहित दवाओं की उपलब्धता एवं प्रबंधन में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित चिकित्सा अधीक्षक के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। कार्यरत एवं सेवानिवृत सरकारी कर्मचारियों के चिकित्सा उपचार बिलों के भुगतान में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लिपिक एवं हस्ताक्षर प्राधिकृत अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य इकाइयों पर भर्ती मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में रेफर करने में स्वास्थ्य कर्मियों की संलिप्तता जांच में पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही पूर्ण की जाएगी। 

      बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान लक्षित आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक कृमिनाशक दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में टेन एट आशा एवं एएनएम यह सुनिश्चित करने की बच्चों को दी जाने वाली एल्बेंडाजोल की कोई भी दवा एक्सपायरी तिथि की न हो, इसके साथ ही 01 से 02 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा लिक्विड फॉर्म में ही पिलाएं,  जिससे बच्चों को सुविधा हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अभिभावकों एवं आमजन में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक बच्चों को अभियान का लाभ मिल सके।

      जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें तथा अभियान की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके सफल क्रियान्वयन में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

      बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की कार्ययोजना, लक्षित लाभार्थियों, दवा वितरण व्यवस्था, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं मॉप-अप दिवस की रूपरेखा से समिति को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण की जा रही हैं।

      बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment