फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मार्च 2026 होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की सुरक्षा और सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरएम रोडवेज की संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दिल्ली से फर्रुखाबाद तथा दिल्ली से जयपुर मार्ग पर अवैध रूप से संचालित 6 डग्गामार बसों को बस अड्डे पर सीज कर दिया गया। इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने वाली 3 अन्य बसों का चालान किया गया। कार्रवाई के तहत कुल 2.32 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कई वाहन संचालक बिना परमिट व फिटनेस के बसें चलाते हैं। ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
