फर्रुखाबाद:कम्पिल में अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कंप्यूटर सेंटर पर चला बुल्डोजर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 फरवरी 2026 जनपद के प्रखंड कम्पिल में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे पुलिस-प्रशासन ने एक कंप्यूटर सेंटर पर बुल्डोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार उक्त केंद्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिनकी जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि संबंधित कंप्यूटर सेंटर में धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस संबंध में सामाजिक संगठन बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बीते दिन एसडीएम कायमगंज कार्यालय का घेराव कर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

बताया जा रहा है कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के उपरांत अवैध निर्माण एवं अन्य अनियमितताओं के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की। मंगलवार सुबह पुलिस बल की मौजूदगी में बुल्डोजर चलाकर संरचना को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

इस अभियान में बजरंग दल के जिला मंत्री अखिलेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष मुकेश बाथम, विभाग संगठन मंत्री ऋषभ, विभाग संयोजक अभिषेक शाक्य, जिला संयोजक बजरंग दल फर्रुखाबाद सुदीप, संयोजक रोहन मिश्रा, सुरक्षा प्रमुख आकाश सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर एक स्पष्ट संदेश गया है कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।