फर्रुखाबाद:कायमगंज और मोहम्मदाबाद ब्लॉक की ओएसआर वसूली पर प्रशासन सख्त, एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जुलाई 2026 ग्राम पंचायतों की आय (ओन सोर्स रेवेन्यू/ओएसआर) बढ़ाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय ओएसआर पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के आंकड़ों की समीक्षा में विकास खंड कायमगंज और मोहम्मदाबाद की प्रगति मात्र 1 प्रतिशत पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि ग्राम पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से सृजित आय के सापेक्ष ओएसआर खाते में अपेक्षित धनराशि जमा नहीं कराई गई है। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कायमगंज एवं मोहम्मदाबाद को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

प्रशासन ने दोनों अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने का अंतिम अवसर दिया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित अवधि में लक्ष्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायतों की आय से संबंधित कार्यों में तेजी लाते हुए ओएसआर खाते में समयबद्ध रूप से धनराशि जमा कराना सुनिश्चित करें, ताकि पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित न हों।

Leave a Comment