फर्रुखाबाद:राम मंदिर चंदा घोटाले के आरोपों को लेकर आप का हल्ला बोल,जिले में भिक्षाटन कर भेजा ₹420 का प्रतीकात्मक चेक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जून 2026 भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्रित चंदे और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी ने रविवार को जिले में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर फर्रुखाबाद के जसमई दरवाजा चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित कर विरोध जताया।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया तथा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को प्रतीकात्मक रूप से ₹420 का चेक भेजने की घोषणा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “चंदा चोरों गद्दी छोड़ो”, “राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारे लगाए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण और उससे संबंधित जमीन खरीद-फरोख्त के मामलों में सामने आए आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।

जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई कुछ जमीनों की कीमत बाजार मूल्य से कहीं अधिक दर्शाई गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने हाल ही में इन मामलों से जुड़े कई दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

आम आदमी पार्टी नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

भिक्षाटन कार्यक्रम में युवा जिलाध्यक्ष सोनू कुशवाह, प्रशांत सिंह, अंकित शाह, रजत तिवारी, अनमोल पाल, अजय कुमार शाक्य, जगतपाल सिंह, अरुण कुमार, मनोज कुमार शाक्य, मोहम्मद अली, सनी वर्मा, संतोष राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment