फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 मार्च 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में 14 व 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 परीक्षा को सकुशल और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रातः 7 बजे ट्रेजरी पर उपस्थित रहेंगे तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस और हैंडबैग ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित होगा और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के पास आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में स्थित फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की दुकानें परीक्षा के दौरान बंद रहेंगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम बनाए जाएंगे, जहां वे अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे। अभ्यर्थी केवल नीला या काला पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र ही परीक्षा केंद्र में ले जा सकेंगे।
उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने केंद्रों के परीक्षा कक्षों और शौचालयों का पूर्व निरीक्षण कर लें। साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापकों से नो-रिलेशन सर्टिफिकेट प्राप्त किया जाए तथा ड्यूटी पर लगाए गए अध्यापकों के मोबाइल नंबरों की सूची केंद्र व्यवस्थापक को उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर एक पाली में 5520 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा कुल चार पालियों में आयोजित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल और शौचालय से संबंधित साइन एज लगाए जाएं तथा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी अनिवार्य रूप से लगाई जाए। इसके अलावा रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क स्थापित करने और किसी भी वाहन द्वारा ओवररेटिंग न किए जाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि परीक्षा की सभी व्यवस्थाओं को परखने के लिए 13 मार्च को रिहर्सल कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जा सके।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
